प्रदेश के मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी के खिलाफ इनेलो ने झज्जर में प्रदर्शन किया। फौजी के इस्तीफे की मांग को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं ने, पूर्व डिप्टी स्पीकर और इनेलो नेता गोपी चंद गहलोत के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता लघुसचिवालय पहुंचे और अपनी मांग को लेकर सीटीएम को ज्ञापन सौंपा। इनेलो नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर रामकिशन फौजी को बर्खास्त नहीं किया गया तो, इनेलो मुख्यमंत्री का विरोध करेगी और अपने प्रदर्शन को प्रदेश स्तर पर ले जाएगी। सीडी कांड में फंसे मुख्य संसदीय सचिव रामकिशन फौजी की मुश्किलें यहीं नही थम रही, प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल इनेलो के बाद अब हजकां पार्टी ने भी फौजी की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। करनाल के जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर, हजकां कार्यकर्ताओं ने फौजी और सीएम का पुतला फूंका…हजकां कार्यकर्ता फौजी के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज कर उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर हजकां कार्यकर्ता, इस मामले को लेकर हुड्डा सरकार पर भी जमकर बरसे और उस पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

By admin