हरियाणा दिवस के मौके पर प्रदेशभर में सफाई अभियान की शुरुआत की गई। इस मौके पर फऱीदाबाद में सीएम मनोहर लाल खट्टर ने झाडू लगाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी सफाई अभियान चलाया गया।

देश में स्वच्छता अभियान की शुरुआत के बाद अब एक नंवबर से प्रदेश में भी सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। फरीदाबाद  में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने खुद झाड़ू लगाकर इस सात दिवसीय मुहिम को हरी झंडी दी। इस मौके पर सीएम ने अधिकारियों और जनता को सफाई रखने की भी शपथ दिलाई।

तो वहीं प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी विधायकों और सांसदों ने भी सफाई अभियान का अपने अपने क्षेत्र में शुभांरभ किया। कृषि एवं सिंचाई मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने बादली में तो महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ने सोनीपत के सरकारी अस्पताल में सफाई अभियान चलाया।

रोहतक में भी बीजेपी विधायक मनीष ग्रोवर ने सफाई अभियान की शुरुआत की।  यहां पर ग्रोवर ने जनता से सफाई अभियान में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने की भी अपील की। जींद प्रशासन ने भी इस अभियान के तहत सफीदों के विधायक जसबीर देशवाल ने अनेक गणमान्य लोगों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया औऱ लोगों को स्वच्छ हरियाणा बनाने का संदेश दिया।

प्रदेश की राजधानी से बिलकुल सटे पंचकुला में भी सप्ताह भर नहीं बल्कि महिने भर के लिए सफाई अभियान की मुहिम छेड़ी गई। इस दौरान पंचकुला से विधायक ज्ञानचंद गुप्ता और अंबाला से सांसद रतनलाल कटारिया ने सफाई अभियान को हरी झंडी दी।

गुडगांव में जहां विदेशी नागरिकों ने भी सफाई अभियान में हिस्सा लिया। डीएलएफ में रहने वाले एनआरआई के अलावा बड़ी बड़ी कंपनियों के मालिकों ने भी इस सफाई अभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया।

एक तरफ जहां प्रदेशभर में झाड़ू उठाकर सफाई अभियान चलाया गया तो दूसरी तरफ कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन ने सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया। इस दौरान जिला प्रशासन ने सफाई अभियान को प्रभावी बनाने के लिए व्हट्प एप्स नंबर जारी करने का फैसला लिया है. जिसके माध्यम से लोग कहीं भी गंदगी वाली जगह की तस्वीरें इस नंबर पर भेज सकेंगे।

हरियाणा में सफाई अभियान को प्रभावी बनाने के लिए और प्रदेश को स्वच्छ बनाने की मुहिम को हरी झंडी दे दी है लेकिन अब देखने वाली बात होगी जोर शोर से शुरु हुआ ये अभियान क्या सही में प्रदेश में सफाई कर पाता है या नहीं।

By admin