दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों की एक बड़ी रैली को संबोधित किया। राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की कथनी और करनी में फर्क है। बीजेपी सरकार किसानों के जख्मों पर नमक छिड़क रही हैं और उनकी ज़मीन छीनकर उद्योगपतियों को देना चाहती है। वहीं सोनिया गांधी ने कहा कि हम सत्ता से जरूर बाहर हो गए हैं, लेकिन किसानों की हक की लड़ाई को कमज़ोर नहीं पड़ने देंगे। मोदी सरकार का रवैया पूरा तरह से किसान, मजदूर और गरीब के खिलाफ है। इस दौरान पूर्व पीएम मनमोहन सिंह भी मोदी सरकार पर निशाना साधने से नहीं चूके। इससे पहले किसान रैली के लिए हरियाणा समेत कई इलाकों से किसानों का बड़ा जत्था रामलीला मैदान पहुंचा। इस रैली में भूपेन्द्र सिंह हुड्डा गुट की गुलाबी पगड़ी प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर की तिरंगी टोपी से ज्यादा दिखाई दी। खबर तो ये भी है कि गुलाबी पगड़ी पहने लोगों ने तंवर के खिलाफ हूटिंग की।

By admin